बेगूसराय में बाढ़ राहत शिविरों का जिला पदाधिकारी ने लिया जायजा

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

शादीपुर दियारा और चमथा-3 पंचायत में प्रभावित परिवारों से मिले रिची पांडेय; सामुदायिक रसोई, पशुचारा, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

बेगूसराय, 12 सितंबर 2026 : जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने बेगूसराय जिले में राहत एवं सहायता शिविरों का जायजा लिया तथा बाढ़ प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने बलिया प्रखंड क्षेत्र के शादीपुर दियारा में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।

इस दौरान जिला पदाधिकारी ने बांध पर रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों से मिलकर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं को भी सुना। उन्होंने मौके पर संचालित सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया और बाढ़ प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था की जांच की।

जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएं। मौके पर बलिया अनुमंडल पदाधिकारी अजय यादव सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

सामुदायिक रसोई से गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था

जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर राहत एवं सहायता शिविरों का संचालन किया जा रहा है। प्रभावित लोगों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सामुदायिक रसोई के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

साथ ही छोटे बच्चों के लिए दूध तथा महिलाओं एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए ड्राई राशन का भी वितरण किया जा रहा है, ताकि बाढ़ प्रभावित परिवारों को इस कठिन परिस्थिति में आवश्यक पोषण एवं खाद्य सामग्री की सुविधा मिल सके।

चमथा-3 पंचायत में बाढ़ की स्थिति और राहत व्यवस्था की समीक्षा

वहीं, जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने बछवाड़ा प्रखंड अंतर्गत चमथा-3 पंचायत का निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति एवं राहत व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्हें बताया गया कि क्षेत्र में पशुओं की संख्या अधिक होने के कारण उन्हें सुरक्षित रखने के लिए निकटवर्ती समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय अनुसूचित जाति टोला, हरपुर बोचहा के मैदान में रखा गया है।

जिला पदाधिकारी ने पशुओं के लिए पर्याप्त पशुचारा, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।

नाव के जरिए बाढ़ प्रभावित परिवारों तक पहुंचाए जा रहे गैस सिलेंडर

जिले में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इंडियनऑयल द्वारा मानवीय पहल करते हुए बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच नाव के माध्यम से गैस सिलेंडर का वितरण किया गया।

जलजमाव एवं बाढ़ के कारण जहां सामान्य आवागमन प्रभावित है, वहीं इंडियनऑयल की टीम नाव के जरिए प्रभावित इलाकों में पहुंचकर घर-घर गैस सिलेंडर उपलब्ध करा रही है। इस दौरान बाढ़ प्रभावित परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्हें रसोई गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की गई, ताकि राहत की इस कठिन घड़ी में भोजन तैयार करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

नाव के माध्यम से घर-घर पहुंचकर गैस सिलेंडर का वितरण किए जाने से बाढ़ प्रभावित लोगों को काफी सहूलियत मिल रही है। जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में इंडियनऑयल द्वारा की गई यह पहल बाढ़ प्रभावित परिवारों तक जरूरी सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

सभी प्रखंडों में राहत व्यवस्था की जांच

जिला पदाधिकारी रिची पांडेय द्वारा बेगूसराय जिले के सभी प्रखंडों के बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे राहत एवं सहायता शिविरों की जांच की गई। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं सरकारी कर्मियों को राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत, सहायता एवं आवश्यक सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समन्वित रूप से कार्य किया जा रहा है।

Verified by MonsterInsights