अनावश्यक रेफरल रोकना उद्देश्य, जरूरतमंद मरीजों को समय पर रेफर करना भी जरूरी

Live ख़बर

संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

हाजीपुर सदर अस्पताल के औचक निरीक्षण में रेफरल रिकॉर्ड के रख-रखाव में मिली कमियां; सभी जिलों में रेफरल पॉलिसी को गंभीरता से लागू करने के निर्देश

वैशाली, 11 सितंबर 2026 : वैशाली दौरे के दौरान हाजीपुर सदर अस्पताल के औचक निरीक्षण में मरीजों के रेफरल से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कुछ मामलों में रेफरल के कारण और रिकॉर्ड के रख-रखाव में कमियां सामने आईं।

इस दौरान स्पष्ट किया गया कि सरकार की रेफरल पॉलिसी का उद्देश्य मरीजों को रेफर करने से रोकना नहीं, बल्कि अनावश्यक रेफरल को रोकना है। यदि किसी मरीज का इलाज जिला अस्पताल में ही संभव है, तो उसे बिना आवश्यकता मेडिकल कॉलेज रेफर करना अनावश्यक रेफरल की श्रेणी में आएगा। इससे मरीज और उसके परिवार को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ता है।

वहीं, जिन मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह या बेहतर उपचार की आवश्यकता है, उन्हें समय पर उच्च स्वास्थ्य संस्थान में रेफर करना भी उतना ही जरूरी है। इसलिए मरीज की आवश्यकता और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के आधार पर रेफरल का निर्णय लिया जाना चाहिए।

स्वास्थ्यकर्मी भी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा

स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा गया कि वे भी इसी समाज का हिस्सा हैं और इसी स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े हैं। उनके परिवार के सदस्य भी कभी न कभी इसी व्यवस्था में इलाज के लिए आते हैं।

इसलिए रेफरल पॉलिसी को केवल सरकारी निर्देश के रूप में देखने के बजाय मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई गई व्यवस्था के रूप में समझना जरूरी है।

सभी जिलों में गंभीरता से लागू होगी रेफरल पॉलिसी

सभी जिलों के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों से रेफरल पॉलिसी को गंभीरता से लागू करने की अपील की गई। इसके तहत यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि मरीजों को आवश्यकता के अनुरूप उचित स्तर की स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो और बिना जरूरत उन्हें उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर न किया जाए।

रेफरल व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही सरकारी अस्पतालों में औचक निरीक्षण का सिलसिला भी आगे जारी रहेगा, ताकि मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और रेफरल व्यवस्था की प्रभावशीलता सुनिश्चित की जा सके।

Verified by MonsterInsights