घर बैठे बिहार के डीजीपी तक पहुंचाएं अपनी बात, मोबाइल नंबर से दर्ज करा सकते हैं शिकायत

Live ख़बर

संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

डीजीपी नियंत्रण कक्ष के 9031829339 और 9031829340 नंबर जारी, 112 आकस्मिक हेल्पलाइन भी पहले की तरह सक्रिय

पटना, 12 सितंबर 2026। बिहार पुलिस ने आम लोगों तक सीधे पहुंच बनाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आसान माध्यम उपलब्ध कराया है। सोशल मीडिया और विभिन्न मीडिया माध्यमों के जरिए पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब शिकायत, सुझाव या किसी भी तरह की परेशानी को लेकर नागरिक सीधे पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सकते हैं।

इस पहल का उद्देश्य लोगों को अपनी शिकायत या समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से थाने या पुलिस कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और जरूरत के समय समय पर सहायता उपलब्ध कराना है।

डीजीपी नियंत्रण कक्ष के नंबर जारी

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, डीजीपी नियंत्रण कक्ष के लिए 112 को आकस्मिक हेल्पलाइन के रूप में पहले की तरह सक्रिय रखा गया है। इसके अलावा 9031829339 और 9031829340 नंबर भी जारी किए गए हैं।

इन नंबरों पर कॉल कर नागरिक पुलिस सेवाओं से जुड़ी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, सुझाव दे सकते हैं अथवा किसी मामले में अपना फीडबैक साझा कर सकते हैं। पुलिस का दावा है कि प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आम लोगों का भरोसा पुलिस व्यवस्था पर बना रहे।

जनता की भागीदारी से पुलिस व्यवस्था होगी और प्रभावी

पुलिस महानिदेशक विनय कुमार की ओर से यह संदेश भी दिया गया है कि जनता की भागीदारी से ही पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और संवेदनशील बनाया जा सकता है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे उपलब्ध हेल्पलाइन सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें और अपनी बात सीधे पुलिस तक पहुंचाएं।

पुलिस का कहना है कि शिकायत, सुझाव और समस्याओं की जानकारी समय पर मिलने से संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने में मदद मिलेगी और लोगों की समस्याओं का समाधान समय रहते किया जा सकेगा।

Verified by MonsterInsights