– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
तीन दिन के भीतर दूसरी बार ताला तोड़कर घुसे चोर, सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से बिना सामान लिए भागे; पहली चोरी में लाखों के उपकरण और केबल गायब
गोमिया (बोकारो), 14 सितंबर 2026। ओएनजीसी (ONGC) गोमिया क्षेत्र अंतर्गत साइट BK # 11 (खुदगड्डा) स्थित स्टोर रूम में चोरी की घटना के बाद अपराधियों ने दोबारा दुस्साहस किया। पहली घटना में स्टोर रूम से कीमती उपकरणों और केबलों की चोरी के महज तीन दिनों के भीतर चोरों ने फिर ताला तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया। हालांकि, दूसरी घटना के दौरान ऑन-ड्यूटी सुरक्षा गार्ड की सतर्कता के कारण चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।
10 सितंबर को पहली घटना, 11 सितंबर को दर्ज हुई स्टेशन डायरी
मामले की शुरुआत 10 सितंबर 2026 को हुई, जब टेस्टिंग सुपरवाइजर बीरजू कुमार ने स्टोर रूम से सामान गायब होने की सूचना कनिष्ठ अभियंता शुभम गुप्ता को दी। छानबीन के बाद भी सामान का पता नहीं चलने पर 11 सितंबर को गोमिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। इसके आधार पर पुलिस ने स्टेशन डायरी (सनहा संख्या-11/26, दिनांक 11/09/2026) दर्ज की।
पहली घटना में गायब हुए सामानों का विवरण इस प्रकार है—
- लगभग 150 मीटर (3.5 Phase, 35 Sqmm) कॉपर केबल
- लगभग 350 मीटर (2.5 वर्ग मिमी, 3 चरण) IESP केबल
- 1 ग्राइंडर मशीन एवं 1 वेल्डिंग मशीन
- 2 परित्यक्त बैटरियां एवं परित्यक्त IESP सेंसर केबल

13 सितंबर की रात फिर तोड़ा ताला
स्टेशन डायरी दर्ज होने के महज करीब 48 घंटे बाद 13 सितंबर 2026 की रात अपराधियों ने एक बार फिर उसी BK # 11 साइट के स्टोर रूम को निशाना बनाया। बताया गया कि चोरों ने स्टोर रूम का मुख्य ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश करने ही वाले थे कि मौके पर तैनात सुरक्षा गार्ड की नजर उन पर पड़ गई।

गार्ड ने तत्काल मुस्तैदी दिखाते हुए शोर मचाया। इससे घबराकर चोर अंधेरे का फायदा उठाते हुए बिना कोई सामान लिए मौके से फरार हो गए। सुरक्षा गार्ड की सतर्कता के कारण दूसरी बार स्टोर रूम से चोरी होने की घटना टल गई।
पुलिस की जांच पर उठ रहे सवाल
पहली घटना के बाद गोमिया थाने में सनहा दर्ज होने के बावजूद अब तक चोरों की पहचान नहीं हो पाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लगातार दो बार एक ही स्टोर रूम को निशाना बनाए जाने से ओएनजीसी प्रबंधन और स्थानीय कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
प्रबंधन की ओर से पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए BK # 11 साइट के आसपास रात्रिकालीन गश्ती बढ़ाने, अपराधियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
लगातार हो रही घटनाओं के मद्देनजर साइट की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा चोरी की पहली घटना में शामिल अपराधियों तक पहुंचने की जरूरत महसूस की जा रही है।
