सहयोग शिविर में जनता के बीच पहुंचा प्रशासन

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

पंचायत स्तर पर समस्याओं और शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन पर जोर

पटना/कटिहार, 15 सितंबर 2026। आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे ‘सहयोग शिविर’ का जिला पदाधिकारी ने जायजा लिया। उन्होंने कटिहार जिले के प्राणपुर प्रखंड अंतर्गत पथरवार पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया।

आमजनों से बातचीत कर जानी समस्याएं

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने शिविर में उपस्थित आमजनों से बातचीत की और उनकी समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने शिविर में प्राप्त आवेदनों के पंजीकरण, संबंधित विभागों को अग्रसारण तथा उनके निष्पादन की प्रक्रिया का भी जायजा लिया।

इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों को संबंधित प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए गए। शिविर में आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित सुविधाएं पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।

निर्धारित समय-सीमा में आवेदन निष्पादित करने के निर्देश

जिला पदाधिकारी ने मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सहयोग शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ लिया जाए। उन्होंने कहा कि सभी आवेदनों का नियमानुसार और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आमजनों की समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील रहते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध हो सरकारी सेवाएं

सहयोग शिविर के माध्यम से जिला प्रशासन का प्रयास है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। प्रशासन की कोशिश है कि सरकारी सेवाओं एवं शिकायत निवारण की सुविधा पंचायत स्तर पर ही सहज रूप से उपलब्ध कराई जाए।

“पंचायत तक प्रशासन की पहुंच—समस्याओं का समाधान आपके द्वार” के उद्देश्य के साथ आयोजित सहयोग शिविर के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने तथा स्थानीय स्तर पर समस्याओं के समाधान पर जोर दिया जा रहा है।

Verified by MonsterInsights