एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
स्पिक मैके के सहयोग से पं. रितेश मिश्रा और पं. रजनीश मिश्रा का शास्त्रीय गायन संपन्न
पटना, 16 सितंबर 2026: अनुग्रह नारायण सिंह महाविद्यालय (एएनएस कॉलेज) में स्पिक मैके के सहयोग से विशेष ‘हिंदुस्तानी वोकल रेसिटल’ का भव्य आयोजन किया गया। महाविद्यालय परिसर स्थित एस.एन. सिन्हा सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्या प्रो. रत्ना अमृत, स्पिक मैके पटना चैप्टर की अध्यक्ष प्रो. माया शंकर, आईसीसीआर की निदेशक स्वधा रिज़वी और स्पिक मैके बिहार के उपाध्यक्ष मनीष सिंह ठाकुर ने संयुक्त रूप से किया।

समारोह में आकाशवाणी एवं दूरदर्शन के शीर्ष श्रेणी के ख्यातिप्राप्त गायक पं. रितेश मिश्रा एवं पं. रजनीश मिश्रा ने अपनी सुमधुर व प्रभावशाली प्रस्तुति से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। उनकी गायकी में शास्त्रीय संगीत की गहराई, रागों की विविधता और गायन शैली का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला। गायन में तबले पर अर्कदीप दास और हारमोनियम पर देबाशीष अधिकारी ने शानदार संगत कर प्रस्तुति को और अधिक प्रभावी बना दिया।

प्राचार्या प्रो. रत्ना अमृत ने कहा कि भारतीय शास्त्रीय संगीत हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों का सौंदर्यबोध और संवेदनशीलता समृद्ध होती है तथा वे अपनी जड़ों व संस्कृति से जुड़ते हैं। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों एवं प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
