भूमि अधिग्रहण में लाएं तेजी, एक वर्ष में पूरा करें लक्ष्य: समाहर्त्ता

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

अंचल अधिकारियों व राजस्व कर्मियों की उन्मुखीकरण कार्यशाला, मिशन मोड में भू-अर्जन करने का निर्देश

बांका, 18 सितंबर 2026: बांका जिले में शुरू होने वाली महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के मद्देनजर समाहर्त्ता की अध्यक्षता में “भूमि अधिग्रहण में अंचल की भूमिका” विषय पर उन्मुखीकरण-सह-प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सभी अंचल अधिकारी, अंचल अमीन एवं राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहे। समाहर्त्ता ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में भूमि अधिग्रहण की पूर्व तैयारी मिशन मोड में की जाए। आमतौर पर भू-अर्जन कार्य में तीन वर्ष का समय लगता है, लेकिन इसे एक वर्ष के भीतर पूरा करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए ताकि बांका का नाम राज्य और देश स्तर पर मिसाल बने। इस दौरान कटोरिया एवं बेलहर के अंचल अधिकारियों द्वारा किए गए बेहतर कार्यों की विशेष रूप से प्रशंसा की गई।

त्रुटिहीन सत्यापन से शून्य होंगे अदालती विवाद

कार्यशाला में स्पष्ट किया गया कि यदि अंचल स्तर पर भू-अर्जन की अधियाचना, मानचित्र, धारा 3A, 3D आदि की जांच और सत्यापन सूक्ष्मता व गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए, तो भविष्य में सीडब्ल्यूजेसी (CWJC) और लैंड सूट जैसे अदालती विवादों की संभावना पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। समाहर्त्ता ने सभी कर्मियों को ईमानदारी और निष्ठापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए।

मानवीय मूल्यों और नियमों का दिया गया प्रशिक्षण

जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया, मानचित्रों के मिलान और वैधानिक नियमों की विस्तृत तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों से जनहित और मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को तय समय-सीमा में धरातल पर उतारने का आह्वान किया। कार्यशाला में अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, राजस्व अधिकारी-सह-कानूनगो, वरीय लिपिक, अनुभवी अमीन और तकनीकी कर्मियों ने भी उपस्थित कर्मियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।

Verified by MonsterInsights