पीएम मोदी के 76वें जन्मदिवस पर संस्कृत शिक्षा बोर्ड ने आयोजित किया “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी व बोर्ड अध्यक्ष मृत्युंजय झा ने किया शुभारंभ, संस्कृत विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण का संकल्प

पटना, 18 सितंबर 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के पावन अवसर पर बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के तत्वावधान में राजा बाजार स्थित बिहार सांस्कृतिक विद्यापीठ में “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी एवं बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह का आरंभ मां सरस्वती को पुष्पांजलि अर्पित कर हुआ। इस दौरान बटुकों एवं छात्राओं ने भारत माता की भव्य रंगोली बनाकर दीप सजाए और सेवा, संस्कार तथा राष्ट्रभक्ति का प्रेरक संदेश दिया।

राष्ट्रसेवा और समर्पण का प्रतीक है पीएम का जीवन: शिक्षा मंत्री

समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्रसेवा, तपस्या और अटूट समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। विभिन्न विद्यालयों से पधारे विद्यार्थियों, शिक्षकों और आचार्यों ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ व सुदीर्घ जीवन की कामना की।

संस्कृत शिक्षा और आधारभूत ढांचे को मिलेगी मजबूती: मृत्युंजय झा

बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने कहा कि संस्कृत भाषा और सनातन संस्कृति के वैश्विक प्रचार-प्रसार में प्रधानमंत्री का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने राज्य में संस्कृत शिक्षा के समग्र विकास, विद्यालयों की आधारभूत संरचना को मजबूत करने और छात्रों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान हेतु निरंतर प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। उपस्थित लोगों ने ‘संस्कृत बचेगी, संस्कृति बचेगी’ के उद्घोष के साथ राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर बोर्ड के सदस्य धनेश्वर कुशवाहा, चंद्रकिशोर कुमार, परीक्षा नियंत्रक उपेंद्र कुमार, आशीष झा, बिनेश कुमार, सुशील वर्मा, अमरेश कुमार चौधरी, सीए आदित्य झा सहित विभिन्न संस्कृत विद्यालयों के प्रधानाचार्य, आचार्य, महंत और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights