“स्वच्छता ही सेवा-2026” व नशा मुक्त भारत अभियान का आगाज, डीएम ने दिलाई शपथ

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

सिवान समाहरणालय में स्वच्छता व जल सप्ताह की शुरुआत, जनभागीदारी से आंदोलन बनाने की अपील

सिवान, 18 सितंबर 2026: जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा की अध्यक्षता में सिवान समाहरणालय परिसर में “स्वच्छता ही सेवा-2026”, “नशा मुक्त भारत अभियान” तथा जिला गंगा समिति व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में “स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प” के तहत स्वच्छता शपथ एवं जल सप्ताह कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को स्वच्छता तथा नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसे दैनिक जीवन की स्थायी आदत में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी से अपने कार्यालयों, मोहल्लों और आस-पड़ोस को स्वच्छ रखने और श्रमदान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की।

नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उन्होंने समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त कराने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। साथ ही जल संरक्षण और नदी संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी के जरिए एक सशक्त जनआंदोलन का रूप देने पर विशेष बल दिया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, गोपनीय शाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, समाहरणालय कर्मी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights