-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
महाशय ड्योढ़ी और बाल निकेतन में अपर समाहर्ता ने खुद संभाला मोर्चा, बर्तन और वस्त्र पाकर खिले पीड़ितों के चेहरे
भागलपुर, 19 सितंबर: जिले में बाढ़ की मार झेल रहे विस्थापित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तत्परता से जुटा हुआ है। आपदा प्रबंधन के अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने शनिवार को चंपानगर स्थित राहत शिविरों का दौरा कर पीड़ितों के बीच आवश्यक राहत सामग्री किट का वितरण किया। इस दौरान महाशय ड्योढ़ी राहत शिविर में 216 और बाल निकेतन शिविर में 64 परिवारों को मिलाकर कुल 280 राहत किट बांटी गईं।
वितरित की गई किट में दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री शामिल थी। इनमें भोजन व पानी के लिए बर्तन, लोटा, गिलास, छोटी एवं बड़ी थाली के साथ-साथ तेल, सर्फ और साबुन उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा वस्त्रों की जरूरत को पूरा करते हुए महिलाओं को साड़ियां तथा पुरुषों को लूंगी और गमछा प्रदान किया गया।
राहत सामग्री वितरण के दौरान अपर समाहर्ता ने शिविरों में पेयजल, स्वच्छता और भोजन की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर प्रभारियों और आपदा मित्रों को निर्देश दिया कि शरण लिए हुए परिवारों की मूलभूत जरूरतों का पूरा ख्याल रखा जाए और किसी भी प्रकार की कमी न होने दी जाए। इस मौके पर शिविर प्रभारी मिथिलेश कुमार, दिलीप कुमार, आपदा मित्र और बड़ी संख्या में बाढ़ पीड़ित मौजूद थे।
