श्रीअरविन्द महिला कॉलेज में कौशल प्रशिक्षण पूरा, 126 छात्राओं को मिला प्रमाण पत्र

Live ख़बर

-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

‘महिंद्रा प्राइड क्लासरूम’ के तहत हुआ आयोजन, मेधावी छात्राओं को ट्रॉफी और जल्द लगेगा जॉब उत्सव

पटना, 19 सितंबर: राजधानी पटना स्थित श्रीअरविन्द महिला कॉलेज में ‘महिंद्रा प्राइड क्लासरूम प्रोग्राम’ के तहत व्यावसायिक व कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली छात्राओं के लिए प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस विशेष कार्यक्रम के तहत 7वें और 8वें बैच का संचालन 13 से 20 जुलाई 2026 तक तथा 9वें बैच की कक्षाएं 22 से 29 जुलाई 2026 तक आयोजित की गई थीं। सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने वाली कुल 126 छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि प्रत्येक बैच की तीन सर्वश्रेष्ठ छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्या प्रो. रेखा रानी ने सभी सफल छात्राओं को बधाई दी और वर्तमान दौर में कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यावहारिक और जीवन कौशल आधारित प्रशिक्षण विद्यार्थियों के करियर निर्माण में मील का पत्थर साबित होते हैं।

समारोह में नंदी फाउंडेशन के प्रतिनिधि मृत्युंजय कुमार ने छात्राओं को आगामी ‘जॉब उत्सव’ की रूपरेखा समझाई और रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर करियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल की संयोजिका प्रो. विमी सिंह, उप-संयोजक डॉ. आदित्य भारद्वाज, गोपाल कुमार, डॉ. विभा कीर्ति और संजना कुमारी सहित कई शिक्षक व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights