बोकारो में अवैध खनन पर सख्त शिकंजा, 7 संवेदनशील चेकनाकों पर 24 घंटे पहरा

Live ख़बर

-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

टास्क फोर्स की बैठक में 46 वाहन जब्त और 28.18 लाख जुर्माने की समीक्षा, गैरहाजिर जीएम पर बिफरे उपायुक्त

बोकारो, 21 सितंबर 2026। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध खनन, भंडारण और अवैध खनिज परिवहन पर पूर्ण विराम लगाने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए। सीसीएल और बीसीसीएल परियोजनाओं के महाप्रबंधकों के स्वयं उपस्थित न होकर प्रतिनिधियों को भेजने पर उपायुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और अगली बैठक से सभी जीएम की व्यक्तिगत उपस्थिति अनिवार्य करने का आदेश दिया।

जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि 28 जुलाई से 19 सितंबर 2026 के बीच चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान में कुल 46 वाहनों को जब्त किया गया। इस अवधि में 8 शिकायत वाद दर्ज कर 28.18 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसमें अवैध बालू परिवहन के 32 वाहनों से 12.04 लाख, गिट्टी-पत्थर के 10 वाहनों से 16.14 लाख रुपये की वसूली शामिल है, जबकि अवैध कोयला ढुलाई में 4 वाहन पकड़े गए। वहीं, जिले के 7 बालू घाटों की नीलामी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। एनजीटी की रोक हटने के बाद 15 अक्टूबर से पर्यावरण स्वीकृति प्राप्त खेतको और पिछड़ी बालू घाटों से वैध उठाव शुरू कर दिया जाएगा।

खनिज तस्करी रोकने के लिए जिले के 7 प्रमुख संवेदनशील रास्तों पर दंडाधिकारियों और सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती के साथ तीन पालियों में 24 घंटे जांच की व्यवस्था की जा रही है। बंद पड़ी खदानों से कोयला चोरी रोकने के लिए सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त पेट्रोलिंग होगी तथा वाहनों के चालान व फॉर्म-डी की औचक जांच की जाएगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, सीआईएसएफ कमांडेंट आर. पी. सिंह, नगर डीएसपी राजीव रंजन, सहायक जनसंपर्क अधिकारी अविनाश कुमार सिंह और डीडीएमओ शक्ति कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Verified by MonsterInsights