-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
नवप्रवेशित विद्यार्थियों का हुआ स्वागत, डीएम ने गुणवत्तापूर्ण व समावेशी शिक्षा पर दिया बल
झंझारपुर (मधुबनी), 22 सितंबर: मधुबनी जिले के झंझारपुर स्थित केंद्रीय विद्यालय में सोमवार को नवप्रवेशित नन्हे-मुन्ने बच्चों के स्वागत के लिए ‘विद्या प्रवेश’ कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि ‘विद्या प्रवेश’ जैसे नवाचारी कार्यक्रम बच्चों के स्कूली जीवन की शुरुआत को उत्सवमय बनाते हैं। इससे बच्चों के मन में विद्यालय के प्रति भय समाप्त होता है और उनमें शिक्षा के प्रति नई रुचि, आत्मविश्वास तथा सकारात्मक दृष्टिकोण का संचार होता है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा की आवश्यकता पर बल देते हुए शिक्षकों और अभिभावकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, झंझारपुर के अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और अभिभावक उपस्थित रहे। पूरे विद्यालय परिवार ने नवप्रवेशित बच्चों का आत्मीय स्वागत कर उनके शैक्षणिक सफर की मंगलकामना की।
