बाढ़ अनुमंडल में कर्मा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, भाई-बहन समेत 11 डूबे; 4 बचे, 1 का शव बरामद व 6 लापता

Live ख़बर

-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

बाढ़, अथमलगोला और बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के गंगा घाटों पर मातम, एसडीआरएफ व स्थानीय गोताखोर तलाश में जुटे

बाढ़ (पटना), 23 सितंबर: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत कर्मा-धर्मा पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान गंगा नदी में अलग-अलग स्थानों पर कुल 11 लोग डूब गए। इनमें से स्थानीय लोगों की तत्परता से 4 लोगों को सकुशल बचा लिया गया, जबकि 1 युवक का शव बरामद हुआ है और भाई-बहन समेत 6 लापता लोगों की तलाश जारी है। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे अनुमंडल क्षेत्र में कोहराम मच गया है।

घटनास्थल वार विवरण:

  • बाढ़ थाना क्षेत्र (पोस्ट ऑफिस घाट): मूर्ति विसर्जन और स्नान के दौरान तीन युवक गहरे पानी में चले गए। स्थानीय लोगों ने एक को बचा लिया, जबकि गुलाबबाग नया टोला निवासी पीयूष कुमार (10 वर्ष, पिता- प्रेम पंडित) और सुजीत कुमार (15 वर्ष, पिता- बबलू चौधरी) नदी में डूब गए। अंचलाधिकारी रानी कुमारी ने बताया कि एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश की जा रही है।
  • अथमलगोला थाना क्षेत्र (उस्मानपुर): वार्ड नंबर 09 में गंगा घाट पर मूर्ति विसर्जन के क्रम में एक भाई-बहन नदी की तेज धार में बह गए। थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों लापता बच्चों की खोजबीन के लिए गोताखोरों व एसडीआरएफ को लगाया गया है।
  • बख्तियारपुर थाना क्षेत्र (चंपापुर घाट): चंपापुर गांव के समीप विसर्जन के दौरान 6 युवक डूबने लगे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए 3 को बाहर निकाल लिया, जबकि 3 गहरे पानी में समा गए। इनमें से देदौर (बबलू बगीचा) निवासी साहिल कुमार (पिता- रामेश्वर मोची) का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं गोलू कुमार (पिता- अनिल कुमार) और अपने परिवार का इकलौता पुत्र बलवीर कुमार (पिता- निर्मल मोची) अभी भी लापता हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार, अंचलाधिकारी पवन कुमार शाह, प्रखंड विकास पदाधिकारी उज्ज्वल कांत तथा विधायक प्रतिनिधि रूपेश कुमार सिंह प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। एक ही दिन विसर्जन के दौरान हुए इन हादसों से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

Verified by MonsterInsights