-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
भाषण व निबंध प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, लगाए गए ‘ईमानदारी’ और ‘समृद्धि’ के पौधे
मेसरा (रांची), 24 सितंबर 2026। सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के अंतर्गत दो सदस्यीय टीम ने राजकीय विद्यालय, मेसरा का दौरा कर छात्र-छात्राओं को नैतिक मूल्यों, सत्यनिष्ठा और पारदर्शी आचरण के प्रति जागरूक किया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों में प्रारंभिक अवस्था से ही ईमानदारी और सकारात्मक जीवन मूल्यों की संस्कृति को सुदृढ़ करना रहा।
लगातार हो रही बारिश और करमा पर्व के अवकाश के माहौल के बीच भी विद्यालय के विद्यार्थियों में इस अभियान को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रचनात्मक व बौद्धिक प्रतियोगिताओं में पूरे जोश के साथ सहभागिता की। भाषण प्रतियोगिता में 41 विद्यार्थियों ने ईमानदारी और सदाचार पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए, जबकि निबंध लेखन प्रतियोगिता में 40 प्रतिभागियों ने सत्यनिष्ठा और समृद्धि के अंतर्संबंधों को अपनी लेखनी के माध्यम से कैनवास पर उतारा।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ईमानदारी और सत्यनिष्ठा केवल भाषणों तक सीमित रखने वाले शब्द नहीं हैं, बल्कि इन्हें दैनिक आचरण और व्यवहार में उतारना अनिवार्य है। इस संदेश को चिरस्थायी रूप देने के लिए विद्यालय परिसर में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर पौधरोपण किया।
इस अवसर पर शिक्षकों द्वारा ‘ईमानदारी का वृक्ष’ (Tree of Honesty) तथा विद्यार्थियों द्वारा ‘समृद्धि का वृक्ष’ (Tree of Prosperity) रोपा गया। यह अनूठी पहल बच्चों में नैतिक शुचिता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का बीजारोपण करने में बेहद सार्थक सिद्ध हुई।
