-लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी
अखंड पाठ साहिब का हुआ समापन, रागी जत्थों ने वैराग्यमय कीर्तन से संगत को किया निहाल; शस्त्र दर्शन के साथ संपन्न हुआ दीवान
पटना/पटना सिटी, 05 अक्टूबर 2026 : सिख पंथ के प्रथम गुरु, गुरु नानक देव जी महाराज के पावन ज्योति जोत पर्व के अवसर पर तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में विशेष धार्मिक दीवान सजाया गया। इस अवसर पर तख्त साहिब के जत्थेदार भाई बलदेव सिंह, वरिष्ठ कथावाचक ज्ञानी दलजीत सिंह और ज्ञानी गगनदीप सिंह ने संगत को गुरु नानक देव जी के जीवन-दर्शन से अवगत कराते हुए आध्यात्मिक और सांसारिक उन्नति के सिद्धांतों पर चलने का आह्वान किया।
इससे पूर्व तख्त साहिब में अतिरिक्त मुख्य ग्रंथी ज्ञानी दिलीप सिंह की देखरेख में पिछले दो दिनों से चल रहे श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के अखंड पाठ की विधिवत समाप्ति हुई। पाठ की समाप्ति के उपरांत सजे दीवान में प्रसिद्ध रागी जत्था भाई बिक्रम सिंह, भाई नविंदर सिंह, भाई हरजीत सिंह, भाई जगत सिंह, भाई जोगिंदर सिंह व भाई कविंदर सिंह तथा सोदर कीर्तनकार हरभजन सिंह ने गुरबाणी का वैराग्यमय कीर्तन प्रस्तुत कर उपस्थित संगत को भाव-विभोर कर दिया।
विशेष दीवान का समापन तख्त साहिब के जत्थेदार भाई बलदेव सिंह द्वारा की गई अरदास, पवित्र हुकुमनामा श्रवण और गुरु साहिबानों के ऐतिहासिक शस्त्र दर्शन के साथ हुआ। इस धार्मिक आयोजन में प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों, सिख संगत और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में माथा टेका और गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया।
