–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी
खराब कैमरों की तत्काल मरम्मत कराने का आदेश, एनआईसी के साथ नोडल अफसर करेंगे मॉनिटरिंग; स्मार्ट सिटी कैमरों की भी होगी समीक्षा
पटना, 15 अक्टूबर 2026 : राज्य सरकार के निर्देशों के आलोक में पटना प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार ने प्रमंडल अंतर्गत सभी थानों एवं आउटपोस्ट में सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की गहन समीक्षा की। आयुक्त ने प्रमंडल के सभी जिलाधिकारियों, एसएसपी और एसपी को कड़ा निर्देश दिया है कि जिन थानों या ओपी में अब तक कैमरे नहीं लगे हैं, वहां बिना देरी के कैमरे लगाए जाएं। साथ ही तकनीकी कारणों या बैटरी बैकअप की खराबी से बंद पड़े कैमरों को संबंधित एजेंसी से समन्वय बनाकर तत्काल दुरुस्त कराया जाए।
आयुक्त ने स्पष्ट हिदायत दी कि आगामी त्योहारों से पहले प्रत्येक थाने और ओपी में कैमरों की कार्यशीलता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि सिर्फ कैमरे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके नियमित मेंटेनेंस, तकनीकी संधारण, बैकअप और रिकॉर्डेड फुटेज की उपलब्धता पर भी विशेष नजर रखी जानी चाहिए।
तकनीकी निगरानी को पुख्ता करने के लिए आयुक्त ने सभी डीएम और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि जिले के एनआईसी तकनीकी पदाधिकारी के साथ एक नोडल अधिकारी नामित किया जाए। यह नामित अधिकारी समय-समय पर थानों के कैमरों की भौतिक जांच कर रिपोर्ट सौंपेगा। इसके अतिरिक्त थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों को भी अपने स्तर से उपकरणों की नियमित जांच करने को कहा गया है ताकि किसी भी खराबी का त्वरित निराकरण हो सके।
बैठक में पटना नगर निगम और स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर में लगे कैमरों की समीक्षा भी की गई। आयुक्त ने निर्देश दिया कि शहरी क्षेत्र में लगे सभी कैमरे 24 घंटे क्रियाशील रहें। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी व्यवस्था आम नागरिकों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए बेहद अहम है। बैठक में पटना की महापौर सीता साहू, आयुक्त के सचिव विनय कुमार ठाकुर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

