पटना शिक्षक व स्नातक चुनाव: आदर्श आचार संहिता का हो सख्ती से पालन, प्रमंडलीय आयुक्त ने दिए कड़े निर्देश

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी

23 अक्टूबर को मतदान और 27 को मतगणना; बैंगनी स्केच पेन से ही अंकित होगी वरीयता, आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत के लिए व्हाट्सएप नंबर जारी

पटना, 15 अक्टूबर 2026 : पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पटना प्रमंडलीय आयुक्त सह निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कुमार ने दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के प्रत्याशियों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

आयुक्त राजेश कुमार ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान किसी भी स्तर पर आचार संहिता का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मतदाताओं को किसी भी प्रकार का प्रलोभन देने, उपहार बांटने या अनुचित लाभ पहुंचाने की कोशिशों पर प्रशासन की पैनी नजर है। इसके लिए पटना, नालंदा और नवादा जिलों में फ्लाइंग स्क्वाड की टीमें लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने सभी प्रत्याशियों को निर्देश दिया कि वे अपने निर्वाचन अभिकर्ता और मतदान अभिकर्ता की नियुक्ति शीघ्र कर उसकी सूची निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

मतदान की तकनीकी प्रक्रिया स्पष्ट करते हुए बताया गया कि मतदान कक्ष में पीठासीन पदाधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए आधिकारिक बैंगनी रंग के स्केच पेन से ही मतदाताओं को अपनी पसंद के प्रत्याशी के नाम के आगे अधिमान्यता (वरीयता क्रम) दर्ज करनी होगी। किसी अन्य पेन या पेंसिल का प्रयोग करने पर मतपत्र को अवैध घोषित कर दिया जाएगा।

मतदान के दिन प्रत्येक प्रत्याशी, उनके निर्वाचन अभिकर्ता और कार्यकर्ताओं को मतदान केंद्रों के निरीक्षण के लिए अधिकतम तीन वाहनों की अनुमति दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, टीवी चैनल और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के चुनावी विज्ञापन के प्रसारण से पूर्व समाहरणालय के तीसरे तल पर कार्यरत मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति (MCMC) से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

चुनावी गड़बड़ी अथवा आचार संहिता के उल्लंघन की तुरंत रिपोर्टिंग के लिए प्रशासन ने व्हाट्सएप नंबर 8114593939 जारी किया है, जिस पर कोई भी नागरिक फोटो या वीडियो क्लिप भेजकर शिकायत दर्ज करा सकता है।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दोनों क्षेत्रों के लिए चुनाव प्रेक्षकों की तैनाती भी कर दी गई है:

  • पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: प्रेक्षक संतोष कुमार मल्ल (मोबाइल नंबर: 8882134237)
  • पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: प्रेक्षक बी. कार्तिकेय धनजी (मोबाइल नंबर: 9810922727)

निर्धारित चुनावी कार्यक्रम के अनुसार, पटना स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक संपन्न होगा। वहीं, मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को सुबह 8:00 बजे से बांकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कराई जाएगी।

इस महत्वपूर्ण बैठक में आयुक्त के सचिव विनय कुमार ठाकुर, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रोशन अली, दोनों क्षेत्रों के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशी, निर्दलीय उम्मीदवार और उनके निर्वाचन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights