-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्री में मिलीं भारी कमियां, जांच के लिए रोज व्हाइट का नमूना संग्रहित
पटना, 27 अक्टूबर 2026 : राजधानी पटना के पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र स्थित मेसर्स गोल्डन डेयरी प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान के फ्रोजन स्टोरेज एरिया में भीषण गंदगी पाई गई। इसके साथ ही खाद्य सामग्री और बटर के भंडारण की व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं मिली। टीम को जांच के दौरान आर्टिफिशियल बटर के उपयोग और रख-रखाव से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं भी देखने को मिलीं, जिस पर विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है।
गुणवत्ता की गहन जांच के लिए विभाग की टीम ने मौके से रोज व्हाइट खाद्य सामग्री का विधिक नमूना संग्रहित किया, जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। वहीं जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मौके पर खराब पाई गई 244 पीस चोको बार आइसक्रीम और 198 पीस अमर बार आइसक्रीम (कुल 442 पीस) को अधिकारियों की मौजूदगी में फौरन नष्ट करा दिया गया। खाद्य संरक्षा विभाग ने कंपनी प्रबंधन को सुरक्षित भंडारण और स्वच्छता के सभी मानकों का कड़ाई से पालन करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

