-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
आईटीआई मोड़ से तेलगड़िया मोड़ तक चला विशेष अभियान, ₹23,400 वसूला जुर्माना; चालान न भरने वालों की गाड़ियां होगी ब्लैकलिस्ट
बोकारो, 28 अक्टूबर 2026 : पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार बोकारो में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) के नेतृत्व में ट्रैफिक थाना प्रभारी एवं पुलिस बल द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 32 (NH-32) पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान आईटीआई मोड़ से लेकर तेलगड़िया मोड़ तक सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े रहने वाले वाहनों के खिलाफ केंद्रित रहा।
अभियान के दौरान सड़क पर अवैध एवं लापरवाही से खड़े पाए गए कुल 36 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए ₹23,400 का शमन शुल्क (जुर्माना) वसूला गया। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे वाहन मालिकों को भी चिन्हित करना शुरू कर दिया है, जिनके बार-बार ई-चालान कटने के बावजूद लंबे समय से जुर्माना जमा नहीं किया गया है। विभाग द्वारा ऐसे बकायेदार वाहनों को ब्लैकलिस्ट (काली सूची में डालने) की अग्रतर विधिक प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने सभी वाहन चालकों और मालिकों को सख्त हिदायत दी है कि भविष्य में वे मुख्य सड़कों और राजमार्गों पर अवैध रूप से गाड़ियों को न खड़ा करें। सड़क पर अनधिकृत पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ-साथ गंभीर सड़क हादसों की आशंका बनी रहती है, जिसे रोकने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

