– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
सीसीएल के शिविर में 27 शिकायतें दर्ज, कर्मचारियों एवं हितधारकों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
हजारीबाग, 22 जुलाई। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के निदेशालय (मानव संसाधन प्रबंधन) के तत्वावधान में हजारीबाग क्षेत्र में शिकायत निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों एवं हितधारकों की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना तथा उन्हें अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर उपलब्ध कराना था।
शिविर की अध्यक्षता महाप्रबंधक (मानव संसाधन/समाधान प्रकोष्ठ) सुमन रस्तोगी ने की। इस अवसर पर मुख्य प्रबंधक (समाधान प्रकोष्ठ) तेजविंदर सिंह, स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन) नीलाम्बरा मालिक, उप प्रबंधक (मानव संसाधन) निशांत कुमार परमार सहित मानव संसाधन विभाग के अधिकारी, स्टाफ अधिकारी (सिविल), अन्य विभागों के अधिकारी तथा यूनियन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रातः 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक आयोजित शिविर में कुल 27 शिकायतों का पंजीकरण किया गया। प्राप्त शिकायतों में अनुकम्पा नियुक्ति, आवास (क्वार्टर) अनुरक्षण, भविष्य निधि (पीएफ), पेंशन भुगतान, सीएमपीएफ से संबंधित ऑनलाइन डाटा अद्यतन तथा अन्य सेवा संबंधी विषय प्रमुख रहे।
शिविर के दौरान कर्मचारियों एवं हितधारकों ने अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखीं। कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक जानकारी एवं समाधान उपलब्ध कराया गया, जबकि शेष शिकायतों को नियमानुसार परीक्षण के लिए दर्ज कर शीघ्र निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की गई।
सीसीएल प्रबंधन ने दोहराया कि कर्मचारियों एवं हितधारकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, पारदर्शी कार्यप्रणाली और उत्तरदायी प्रशासन उसकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से ऐसे शिकायत निवारण शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि कर्मचारियों को त्वरित और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

