‘अभियान बसेरा-2’ के तहत पहले दिन 5,416 आवेदन प्राप्त, डीएम ने की समीक्षा

Live ख़बर

-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

सभी आवेदनों के क्यूआर कोड जनरेट, विकास मित्र महादलित टोलों में चलाएंगे जागरूकता अभियान

जहानाबाद, 23 सितंबर: ‘अभियान बसेरा-02’ के अंतर्गत वासभूमिहीन परिवारों को जमीन उपलब्ध कराने की दिशा में जहानाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आ रहा है। जिले में पंचायत एवं अंचल स्तरीय विशेष शिविरों के पहले ही दिन कुल 5,416 आवेदन प्राप्त हुए। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने विकास मित्रों एवं संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शिविरों और आवेदन प्राप्ति की व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।

बैठक में डीएम ने बताया कि प्राप्त सभी 5,416 आवेदनों के लिए क्यूआर कोड (QR Code) जनरेट कर दिए गए हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे। इसके लिए विकास मित्रों को क्यूआर कोड जनरेशन की तकनीकी प्रक्रिया का विधिवत प्रशिक्षण भी दिया गया। जिलाधिकारी ने विकास मित्रों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के महादलित टोलों में जाकर पात्र परिवारों को जागरूक करें और उन्हें स्थानीय शिविरों में ही आवेदन जमा करने के लिए प्रेरित करें।

प्रशासन द्वारा पंचायत सरकार भवनों और अंचल कार्यालयों में फ्लेक्स, होर्डिंग तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों (माइकिंग) के माध्यम से शिविर की तिथियों, पावती रसीद और ऑनलाइन आवेदन की सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। वरीय पदाधिकारियों को प्रातः 6 बजे से ही पंचायतों में भ्रमण कर शिविरों की व्यवस्था का अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया है।

जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे किसी के बहकावे या भ्रम में न आएं और आवेदन जमा करने के लिए राज्य मुख्यालय पटना जाने की कोई आवश्यकता नहीं है। ग्रामीण अपने पंचायत अथवा अंचल स्तरीय शिविर में ही आवेदन देकर विधिवत पावती रसीद अवश्य प्राप्त करें। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि भोले-भाले लोगों को गुमराह कर राज्य मुख्यालय ले जाने वाले बिचौलियों व असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Verified by MonsterInsights