ओएनजीसी ने बनगड़िया ओपी को सौंपे 15 बैरिकेड्स, सड़क सुरक्षा का दिया संदेश

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान में यातायात नियमों के पालन और जनसहभागिता पर दिया गया जोर

तालगड़िया, 31 जुलाई। बनगड़िया ओपी परिसर में शुक्रवार को ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ओएनजीसी) की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ओएनजीसी ने बनगड़िया ओपी को 15 बैरिकेड्स उपलब्ध कराए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीपीओ सह एएसपी वेदांत शंकर ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस का उद्देश्य नियमों का पालन कराकर आम लोगों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अपराध की अपेक्षा सड़क दुर्घटनाओं में अधिक लोगों की जान जा रही है। ऐसे में सड़क सुरक्षा के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस दिशा में ओएनजीसी द्वारा किए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए इसे जनहित की महत्वपूर्ण पहल बताया।

ओएनजीसी के मुख्य महाप्रबंधक विकास चंद्र सिंह ने कहा कि पर्वतपुर क्षेत्र कंपनी का प्रमुख परिचालन क्षेत्र है तथा झरिया क्षेत्र में आगामी कुछ महीनों के भीतर कोल बेड मिथेन (सीबीएम) गैस उत्पादन शुरू होने की संभावना है। इसके बाद क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे यातायात प्रबंधन की आवश्यकता और अधिक बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि उपलब्ध कराए गए बैरिकेड्स पुलिस को यातायात नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने में मदद करेंगे।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

महाप्रबंधक आर.बी. सिंह ने कहा कि कोल बेड मिथेन गैस उत्पादन से क्षेत्र के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ओएनजीसी भविष्य में भी सड़क सुरक्षा, जनकल्याण और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कार्यों में प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करती रहेगी।

कार्यक्रम में बनगड़िया ओपी प्रभारी शुभम कुमार गोप, महाप्रबंधक राम बहाल सिंह, प्रदीप कुमार भगत, अजय कुमार दास, सुरक्षा प्रभारी दीप जोशी, मुख्य अभियंता अभिनव कुमार सहित ओएनजीसी, पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय क्षेत्र के कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।