पांच दिवसीय कार्य सप्ताह को लेकर बैंक कर्मियों का प्रदर्शन

Live ख़बर

– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher

पटना में 400 से अधिक बैंक अधिकारी-कर्मचारी जुटे, मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

पटना, 13 अगस्त। पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बैनर तले बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने पटना में जोरदार प्रदर्शन किया। शाम 5:15 बजे कोतवाली थाना के समीप इंडियन बैंक की मुख्य शाखा के सामने आयोजित प्रदर्शन में UFBU के घटक संगठनों के नेताओं के साथ 400 से अधिक बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

समझौते के बावजूद अधिसूचना जारी नहीं

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एआईबीओसी बिहार इकाई के सचिव अमरेश विक्रमादित्य ने कहा कि सरकार और बैंक यूनियनों के बीच समझौते के बावजूद बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू नहीं किया जा रहा है। इससे बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों में नाराजगी है।

उन्होंने कहा कि मांग को लेकर 27 जनवरी को एक दिवसीय हड़ताल भी की गई थी, लेकिन इसके बाद भी सरकार की ओर से इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

अमरेश विक्रमादित्य के अनुसार, 8 मार्च 2024 को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और बैंक यूनियनों के बीच हुए समझौते में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने पर सहमति बनी थी। इसके बदले बैंक कर्मचारी प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त काम करने के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि समझौते के बाद इसे लागू किया जाना था, लेकिन दो वर्ष बीतने के बावजूद अब तक इस संबंध में अधिसूचना जारी नहीं हुई है।

काम के दबाव का उठाया मुद्दा

बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि उन पर लगातार काम का दबाव बढ़ रहा है। इसका असर उनके सामाजिक और पारिवारिक जीवन पर भी पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह को जल्द लागू किया जाए।

UFBU नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

बिहार के कई जिलों में प्रदर्शन

प्रदर्शन के दौरान UFBU के घटक संगठनों के नेता राजू कुमार सिंह, अनिरुद्ध कुमार, धर्मेंद्र कुमार, रंजन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे और सभा को संबोधित किया।

बताया गया कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर देशभर में बैंक कर्मियों ने प्रदर्शन किया। बिहार में पटना के अलावा गया, नालंदा, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया, हाजीपुर और आरा में भी बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर अपनी मांग उठाई।