– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
मांडर के बुढ़ाखुखरा में क्वार्टर फाइनल के रोमांचक मुकाबले, 5 सितंबर को लॉटरी से तय होगा फाइनल का समीकरण
रांची, 04 सितंबर 2026: शहीद एतवा उरांव स्मारक न्यास के तत्वावधान में रांची जिले के मांडर प्रखंड अंतर्गत बुढ़ाखुखरा स्थित खेल मैदान में आयोजित शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के चौथे दिन शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल के तीन रोमांचक मुकाबले खेले गए। इन मुकाबलों में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जय मसीह गिरजाटोली लोयो, एसके ब्रदर्स और सुपर किंग लोयो की टीमों ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की शिरकत करेंगे। इस दौरान विभिन्न पंचायतों के मुखिया, अनेक गणमान्य नागरिक और समाजसेवी भी उपस्थित रहेंगे।
जय मसीह, एसके ब्रदर्स और सुपर किंग लोयो की जीत
प्रतियोगिता के पहले क्वार्टर फाइनल मैच में जय मसीह गिरजाटोली लोयो ने संत जेवियर इंटर कॉलेज मांडर को 2-0 गोल से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरे क्वार्टर फाइनल में एनएफसी पोखर टोली और एसके ब्रदर्स के मध्य बेहद कड़ा और संघर्षपूर्ण मुकाबला देखा गया। निर्धारित समय तक मैच अनिर्णीत रहने के बाद टाईब्रेकर का सहारा लिया गया, जिसमें एसके ब्रदर्स ने 5-4 गोल से रोमांचक जीत हासिल कर अंतिम चार में स्थान पक्का किया। वहीं, तीसरे क्वार्टर फाइनल मैच में सुपर किंग लोयो ने नव युवक संघ कंजिया को 1-0 गोल के अंतर से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
लॉटरी के जरिए एक टीम को सीधे फाइनल का टिकट
टूर्नामेंट में कुल 24 टीमों की भागीदारी को देखते हुए प्रतियोगिता के प्रारूप में एक विशेष व्यवस्था लागू की गई है। सुपर किंग लोयो, जय मसीह गिरजाटोली लोयो और एसके ब्रदर्स की टीमें सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। 5 सितंबर को लॉटरी के माध्यम से इनमें से एक टीम को सीधे फाइनल का टिकट दिया जाएगा, जबकि शेष दो टीमों के बीच सेमीफाइनल का मुकाबला होगा। इस मैच की विजेता टीम सीधे फाइनल में प्रवेश कर चुकी टीम से खिताबी भिड़ंत करेगी।
