Santosh Srivastava : Editor in Chief & Publisher
टी. आर. उन्नीकृष्णन नायर सेवानिवृत्त, राजीव कुमार सिन्हा ने संभाली परिसंपत्ति प्रबंधक की जिम्मेदारी
बोकारो, 1 जून 2026 : ओएनजीसी सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो में नेतृत्व परिवर्तन के तहत परिसंपत्ति प्रबंधक टी. आर. उन्नीकृष्णन नायर 31 मई 2026 को सेवानिवृत्त हो गए। उनके स्थान पर राजीव कुमार सिन्हा ने 1 जून 2026 को नए परिसंपत्ति प्रबंधक के रूप में पदभार ग्रहण किया।

टी. आर. उन्नीकृष्णन नायर ने 1 अप्रैल 2025 को ओएनजीसी सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो के परिसंपत्ति प्रबंधक का कार्यभार संभाला था। उनके लगभग एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान परिसंपत्ति ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। हजारीबाग जिले के नॉर्थ करनपुरा ब्लॉक से गैस बिक्री की शुरुआत हुई, जिससे ओएनजीसी को राजस्व प्राप्त होने लगा और राज्य सरकार को रॉयल्टी मिलने लगी। इसके अलावा बोकारो जिले के झरिया क्षेत्र में गैस मुद्रीकरण (मॉनिटाइजेशन) की दिशा में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई, जिससे जल्द ही वहां से गैस बिक्री शुरू होने की संभावना है।
नायर के नेतृत्व में ओएनजीसी ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत झारखंड के आकांक्षी जिलों सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनहितकारी परियोजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया। ग्रामीण विकास, पेयजल, शिक्षा, ग्रीन एनर्जी, महिला एवं किशोरी स्वास्थ्य तथा जल संरक्षण जैसे क्षेत्रों में किए गए कार्यों का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक पहुंचा।
एससी-एसटी कॉम्पोनेंट प्लान के अंतर्गत बोकारो जिले के विभिन्न विद्यालयों में कंप्यूटर लैब स्थापित किए गए तथा आवासीय विद्यालयों को पठन-पाठन सामग्री उपलब्ध कराई गई। इन पहलों को सामाजिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

नए परिसंपत्ति प्रबंधक राजीव कुमार सिन्हा उद्योग जगत में 35 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। उन्होंने वर्ष 1991 से 2003 तक मुंबई हाई और बी एंड एस एसेट के ऑफशोर कंस्ट्रक्शन ग्रुप में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। इसके बाद वर्ष 2003 से 2021 तक उन्होंने हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय (DGH) में सेवाएं दीं, जहां वे मुख्य तकनीकी अधिकारी (CTO) के पद तक पहुंचे।
वर्ष 2021 से 2024 के दौरान उन्होंने असम के नाजिरा में फ्रंट एंड जियोमैटिक्स (FEG) और कई प्रमुख परियोजनाओं का नेतृत्व किया। बोकारो आने से पूर्व वर्ष 2024 से 2026 तक वे मेहसाणा में SAM-5 के साथ तकनीकी सेल एवं विपणन प्रभारी के रूप में कार्यरत थे।
ओएनजीसी प्रबंधन को उम्मीद है कि राजीव कुमार सिन्हा के व्यापक तकनीकी और प्रबंधकीय अनुभव के नेतृत्व में सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी तथा देश, राज्य और समाज के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान जारी रखेगी।
