एसआईआर-2026: रविवार तक पूरा हो डिजिटाइजेशन

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

उपायुक्त ने निर्वाचन अधिकारियों को दिए निर्देश, बीएलओ के लंबित मानदेय का भुगतान शनिवार तक सुनिश्चित करने को कहा

बोकारो, 24 जुलाई: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत मतदाता सूची संबंधी कार्यों को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के लिए बोकारो जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) के साथ समीक्षा बैठक कर डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति का आकलन किया।

बैठक में उपायुक्त ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे डिजिटाइजेशन कार्य की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी गंभीरता और तेजी के साथ कार्य करते हुए आगामी रविवार तक शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा का हर हाल में पालन किया जाए तथा कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

उपायुक्त ने अधिकारियों को डिजिटाइजेशन के साथ-साथ भौतिक सत्यापन कार्य पर भी समान रूप से ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि एसआईआर-2026 अभियान निर्धारित समय के भीतर सफलतापूर्वक एवं त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जा सके।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के लंबित मानदेय भुगतान का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने सभी एईआरओ को निर्देश दिया कि बीएलओ के लंबित मानदेय का भुगतान शनिवार तक हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें कार्य निष्पादन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

ऑनलाइन आयोजित इस समीक्षा बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े विभिन्न वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।