– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, पर्यटन विभाग के अधीक्षण अभियंता के लॉकर से सोना-चांदी बरामद
पटना, 27 जुलाई 2026। भ्रष्टाचार के विरुद्ध निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (वीआईबी) की कार्रवाई लगातार जारी है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में दर्ज प्राथमिकी के तहत पर्यटन विभाग के अधीक्षण अभियंता अवधेश कुमार सिन्हा के बैंक लॉकर की तलाशी में लगभग ₹64.79 लाख मूल्य के सोना और चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। मामले की जांच अभी जारी है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, निगरानी थाना कांड संख्या-084/26 में 16 जुलाई 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत अवधेश कुमार सिन्हा के विरुद्ध ₹1,41,90,000 की कथित प्रत्यानुपातिक (आय से अधिक) संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान 17 जुलाई 2026 को पटना स्थित अभियुक्त के तीन ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान केनरा बैंक, राजा बाजार शाखा में अभियुक्त के नाम से संचालित लॉकर संख्या-636 की जानकारी मिली। इसके बाद न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त कर विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत लॉकर की तलाशी ली गई।
वरीय पुलिस उपाधीक्षक गौतम शरण ओमी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने 24 जुलाई 2026 को लॉकर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कुल ₹64,79,710 मूल्य के आभूषण बरामद किए गए। इनमें 561.32 ग्राम सोना, जिसकी अनुमानित कीमत ₹63,27,151 है, तथा 835.01 ग्राम चांदी, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,52,559 है, शामिल है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और बरामद संपत्तियों के संबंध में आवश्यक कानूनी एवं वित्तीय जांच की जा रही है।

