दैनिक रेल यात्रियों की समस्याओं पर होगा मंथन

Live ख़बर

रंजीत प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट

बिहार डेली पैसेंजर्स एसोसिएशन का 34वां राज्यस्तरीय सम्मेलन 2 अगस्त को पटना में, नई कार्यकारिणी का होगा गठन

पटना, 29 जुलाई। बिहार डेली पैसेंजर्स एसोसिएशन का 34वां राज्यस्तरीय सम्मेलन आगामी 2 अगस्त को राजधानी पटना के गेट पब्लिक लाइब्रेरी एंड इंस्टीट्यूट, बापू टावर के निकट, खगौल रोड, गर्दनीबाग में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में राज्यभर से बड़ी संख्या में दैनिक रेल यात्रियों और संगठन के पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।

सम्मेलन में नवादा के सांसद विवेक ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि फुलवारीशरीफ के विधायक एवं पूर्व मंत्री श्याम रजक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

आयोजन के दौरान संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही दैनिक रेल यात्रियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, सवारी ट्रेनों के विलंबित परिचालन, प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा रेलवे सेवाओं में सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में एसोसिएशन के महासचिव संगठन का वार्षिक प्रतिवेदन भी प्रस्तुत करेंगे, जिसमें बीते वर्ष की गतिविधियों एवं उपलब्धियों का लेखा-जोखा रखा जाएगा।

एसोसिएशन के अध्यक्ष बीरेंद्र प्रसाद शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष अवध बिहारी पाण्डेय तथा महासचिव शोएब कुरैशी ने संयुक्त रूप से बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य दैनिक रेल यात्रियों की समस्याओं को एक मंच पर लाकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करना है। उन्होंने राज्यभर के दैनिक रेल यात्रियों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने तथा अपनी समस्याओं और सुझावों को साझा करने की अपील की।