– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
बीजीएच में 90 मरीजों की हुई जांच, विशेषज्ञों ने लिवर रोगों की समय पर पहचान और उपचार पर दिया जोर
बोकारो, 29 जुलाई। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) के मेडिसिन विभाग की ओर से निःशुल्क फाइब्रोस्कैन जांच शिविर का आयोजन किया गया। दिनभर चले इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया तथा लगभग 90 मरीजों की फाइब्रोस्कैन मशीन से जांच की गई।
शिविर का उद्घाटन कार्यकारी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) ने मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, वरिष्ठ चिकित्सकों तथा अस्पताल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर लिवर रोगों की रोकथाम, समय पर जांच और उपचार के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि फाइब्रोस्कैन एक आधुनिक, त्वरित, दर्दरहित और नॉन-इनवेसिव (बिना चीरे-टांके वाली) जांच तकनीक है, जिसके माध्यम से लिवर की स्टिफनेस (कड़ापन) का सटीक आकलन किया जाता है। यह जांच विशेष रूप से मधुमेह, मोटापा, अत्यधिक शराब सेवन, क्रोनिक हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी संक्रमण तथा फैटी लिवर से पीड़ित मरीजों के लिए अत्यंत उपयोगी मानी जाती है।
चिकित्सकों ने बताया कि फाइब्रोस्कैन तकनीक सामान्य अल्ट्रासोनोग्राफी की तुलना में अधिक उन्नत मानी जाती है और इससे लिवर की गंभीर बीमारियों का शुरुआती चरण में ही पता लगाया जा सकता है। समय पर रोग की पहचान होने से उपचार अधिक प्रभावी होता है और जटिलताओं की संभावना भी कम हो जाती है।
शिविर के दौरान वरिष्ठ चिकित्सकों ने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और बीजीएच में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता और समय पर जांच ही हेपेटाइटिस एवं अन्य लिवर रोगों की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय है।

