पंडारक में हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

एसटीएफ की सूचना पर पुलिस की छापेमारी, अवैध हथियार, 140 कारतूस और नकदी के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार

पटना/बाढ़, 22 जुलाई। पटना जिले के पंडारक थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध आग्नेयास्त्र, भारी मात्रा में कारतूस और नकदी के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसटीएफ से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई की रात सूचना मिली थी कि भगवतीपुर करमौर गांव निवासी एक कुख्यात अपराधी और उसका पुत्र किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं तथा अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कुंदन कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बाढ़-1) रामकृष्ण और पंडारक थानाध्यक्ष नवनीत कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भगवतीपुर करमौर गांव स्थित दयानंद पासवान के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन देशी कट्टा, एक पिस्टल, एक मैगजीन, 140 जिंदा कारतूस, ₹56,200 नकद, दो मोबाइल फोन तथा अन्य सामान बरामद किया। मौके से दयानंद पासवान और उसके पुत्र अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कुंदन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक का पूर्व से गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद हथियारों और कारतूस का इस्तेमाल किन आपराधिक गतिविधियों में किया जाना था तथा इनके स्रोत क्या हैं।