श्रावणी मेला में CCL का निःशुल्क चिकित्सा शिविर शुरू

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

दुम्मा, देवघर में कांवरियों और स्थानीय ग्रामीणों को मिलेगी निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा, 28 अगस्त तक संचालित रहेगा शिविर

देवघर, 31 जुलाई 2026। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत श्रावणी मेला-2026 के अवसर पर देवघर के दुम्मा में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया। शिविर का उद्घाटन सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने किया। यह शिविर 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक संचालित रहेगा, जहां बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले कांवरियों एवं स्थानीय ग्रामीणों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। तत्पश्चात निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने फीता काटकर चिकित्सा शिविर का औपचारिक उद्घाटन किया।

उद्घाटन के बाद उन्होंने शिविर में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि श्रावणी मेला जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान समय पर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि सीसीएल सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी जनकल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं एवं उपस्थित अतिथियों के बीच फल एवं मिठाइयों का वितरण किया गया।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

इस अवसर पर गिरिडीह क्षेत्र के महाप्रबंधक, परियोजना पदाधिकारी, क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी, एरिया कंसल्टेटिव कमेटी (एसीसी) के सदस्य, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

सीसीएल की यह पहल श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इसके माध्यम से कंपनी ने सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर मजबूत रूप से प्रदर्शित किया है।