गंगा संरक्षण को लेकर डीएम ने दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

सारण जिला गंगा समिति की बैठक में शवदाहगृह, रिवर फ्रंट विकास और 15 लाख पौधारोपण लक्ष्य की हुई समीक्षा

छपरा, 31 जुलाई। सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला गंगा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता, तटवर्ती क्षेत्रों के विकास, शवदाहगृहों की स्थिति, रिवर फ्रंट परियोजनाओं, पर्यावरण संरक्षण तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने गंगा संरक्षण से जुड़े सभी कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंगा की स्वच्छता और संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही इस अभियान को प्रभावी बनाया जा सकता है।

समीक्षा के दौरान रिविलगंज में निर्मित शवदाहगृह के अब तक संचालित नहीं होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को इसे शीघ्र चालू कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी नगर निकायों एवं संबंधित अंचल अधिकारियों को सात दिनों के भीतर शवदाहगृह निर्माण के लिए उपलब्ध एवं संभावित भूमि की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

जिलाधिकारी ने दिघवारा में आमी मंदिर के समीप घाट क्षेत्र तथा मशरख के वर्तमान शवदाह स्थल के निकट उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक प्रखंड में कम-से-कम एक शवदाहगृह की स्थापना के उद्देश्य से उपयुक्त भूमि का चयन शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में रिवर फ्रंट विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने माझी के अटल घाट तथा सोनपुर, दिघवारा और रिविलगंज के घाटों को विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई तेज करने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया, ताकि गंगा तटों का सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा सके।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगामी 15 अगस्त 2026 तक जिले में 15 लाख पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वित प्रयास करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया।

बैठक में बायोडायवर्सिटी पार्क के विकास पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने दिघवारा तथा छपरा के गंगा पार स्थित दियारा क्षेत्रों को इसके लिए उपयुक्त बताते हुए वहां जैव विविधता पार्क विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) तथा कंपोस्ट प्रबंधन से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि गंगा संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरणीय संतुलन से जुड़ी सभी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि जिले में सतत विकास और स्वच्छ पर्यावरण का लक्ष्य हासिल किया जा सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त, प्रभागीय वन पदाधिकारी (डीएफओ), अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, नगर आयुक्त, निदेशक डीआरडीए, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जीविका परियोजना निदेशक, नगर पंचायत सोनपुर के कार्यपालक पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।