आधारभूत परियोजनाओं की समीक्षा, समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

सारण डीएम ने एनएचएआई, पुल निर्माण निगम, पथ एवं भवन निर्माण विभाग की परियोजनाओं की प्रगति का लिया जायजा

छपरा (सारण), 31 जुलाई। सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), बिहार राज्य पुल निर्माण निगम, पथ निर्माण विभाग तथा भवन निर्माण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सड़क, पुल और भवन निर्माण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति, भूमि अधिग्रहण, भुगतान की स्थिति तथा परियोजनाओं के समक्ष आ रही बाधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने भूमि अधिग्रहण से संबंधित वाउचर संग्रहण एवं भुगतान की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अंचल अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रैयतों से अधिक से अधिक वाउचर प्राप्त कर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, ताकि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को विकास मित्र, आवास सहायक तथा अन्य पंचायत स्तरीय कर्मियों के माध्यम से घर-घर संपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही माइकिंग, विशेष शिविर और जनजागरूकता अभियान आयोजित कर रैयतों को वाउचर जमा करने के लिए प्रेरित करने पर बल दिया।

बैठक में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की योजनाओं की समीक्षा के दौरान शहर में निर्माणाधीन डबल डेकर परियोजना की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने बाजार समिति परिसर में वर्षा के कारण उत्पन्न जलजमाव, कीचड़ और आवागमन में हो रही कठिनाइयों पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

भवन निर्माण विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन सहकार भवन सहित अन्य सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य तय मानकों के अनुरूप होने चाहिए, ताकि आम जनता को जल्द बेहतर आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यपालक अभियंताओं एवं निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं में प्रशासनिक अथवा तकनीकी बाधाएं आ रही हैं, उनका त्वरित समाधान कर कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने भुगतान संबंधी मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया, ताकि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया तथा लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया।