– रंजीत प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट
पटना, 01 अगस्त। अग्रवाल महिला सम्मेलन द्वारा स्थानीय दादी जी मंदिर परिसर में आयोजित सावन मिलन महोत्सव उत्साह, उल्लास और भारतीय संस्कृति के रंगों से सराबोर रहा। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक सावन गीतों, नृत्यों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और भारतीय सांस्कृतिक विरासत का आकर्षक प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की संयोजिका एवं बिहार अग्रवाल महिला सम्मेलन की अध्यक्ष डॉ. गीता जैन ने बताया कि समारोह का शुभारंभ भगवान गणेश की वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद भगवान शिव को समर्पित भजनों की मधुर प्रस्तुति ने भक्तिमय वातावरण का निर्माण किया। राधा रानी नृत्य, राधा-कृष्ण नृत्य, सावन के सोलह श्रृंगार पर आधारित समूह नृत्य तथा सावन गीतों पर प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित महिलाओं का भरपूर मनोरंजन किया। सामूहिक नृत्य भी समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा।
महोत्सव के दौरान महिलाओं के लिए अंताक्षरी प्रतियोगिता, हाउजी, प्रश्नोत्तरी सहित कई मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समय की पाबंदी का विशेष ध्यान रखने वाली प्रतिभागियों को ‘पंक्चुअलिटी अवॉर्ड’ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
कार्यक्रम में तनुजा अग्रवाल, नीना मोटानी, शकुंतला अग्रवाल सहित समाज की अनेक गणमान्य महिलाएं एवं अतिथि उपस्थित रहीं। आयोजन को सफल बनाने के लिए सम्मेलन की सदस्यों ने मंच संचालन, अतिथि स्वागत, पुरस्कार वितरण, स्टॉल प्रबंधन तथा पौधों एवं दुपट्टे भेंट कर अतिथि सम्मान जैसी विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
महोत्सव का विशेष आकर्षण चैंबर ऑफ कॉमर्स के कौशल विकास केंद्र की छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियां रहीं। छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा रानी, मां काली, भगवान शिव एवं माता पार्वती के स्वरूप में सजीव प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम से पूर्व अग्रवाल महिला सम्मेलन की पदाधिकारियों ने समाज की महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सावन उत्सव को सफल बनाने की अपील की थी। संपूर्ण आयोजन भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक समरसता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा।

