एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
राजस्व, दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, पेंशन, राशन कार्ड, पेयजल और बिजली से जुड़े मामले आए; लाभुकों के बीच वासगीत पर्चा, आयुष्मान कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र वितरित
बक्सर, 15 सितंबर 2026। जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से इटाढ़ी प्रखंड अंतर्गत बिझौरा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं के निष्पादन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की।
सहयोग शिविर में मुख्य रूप से राजस्व, दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, लोक शिकायत निवारण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, पेयजल, बिजली तथा पंचायती राज से संबंधित मामलों के आवेदन प्राप्त हुए। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त मामलों पर विभागीय नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
लाभुकों के बीच योजनाओं से संबंधित दस्तावेज वितरित
सहयोग शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी ने बिझौरा पंचायत के विभिन्न लाभुकों के बीच वासगीत पर्चा, आयुष्मान कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र का वितरण किया। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से वहां उपलब्ध सेवाओं और प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र कोई भी लाभुक वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए लोगों को समय पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा।

ग्रामीणों से सीधे संवाद पर जोर
शिविर में जिला पदाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा विभागीय स्तर पर लंबित मामलों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य भी शिविर में मौजूद रहे और ग्रामीणों से संवाद किया। शिविर के माध्यम से प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे समझने तथा संबंधित विभागों के माध्यम से उनके समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।
आम जनता के द्वार पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता के द्वार पर पहुंचकर उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है। सहयोग शिविर का उद्देश्य लोगों को अपनी समस्याओं और जरूरतों को प्रशासन के समक्ष सीधे रखने का अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि संबंधित विभागों के माध्यम से उनका नियमानुसार समाधान कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि पात्र लोगों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले और ग्रामीणों को आवश्यक सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
