सरमेरा में जनसंवाद बैठक, डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

तीन प्रमुख बिंदुओं पर जनप्रतिनिधियों से मांगा सहयोग, लंबित मामलों के निपटारे के लिए अधिकारियों को समय-सीमा तय करने के निर्देश

पटना/सरमेरा (नालंदा), 15 सितंबर 2026। नालंदा जिले के सरमेरा प्रखंड मुख्यालय में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनसंवाद सह समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिलाधिकारी उदीता सिंह ने आमजनों की समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिला एवं प्रखंड स्तर के सभी प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) एवं अपर समाहर्ता (एडीएम) को बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया।

जनप्रतिनिधियों ने उठाए क्षेत्र से जुड़े मुद्दे

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। बीस सूत्री अध्यक्ष विजय प्रसाद ने बाढ़ से नष्ट हुई फसलों के उचित मुआवजे और नए बांध निर्माण की मांग रखी।

बीस सूत्री उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार सिंह ‘प्रेम’ ने प्रखंड स्तर पर विकास योजनाओं की समय पर जानकारी उपलब्ध कराने तथा सदस्यों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था करने का आग्रह किया।

पंचायत समिति सदस्य महेंद्र प्रसाद रजक एवं शंकर कुमार ने क्षेत्र की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया। सीमा कुमारी ने बाढ़ तथा बोरिंग की समस्या उठाई, जबकि मुखिया प्रेमलता ने अस्पताल में सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था और पंचायत सरकार भवन तक सड़क संपर्क का मुद्दा रखा।

रेखा कुमारी ने बच्चों की पढ़ाई में आ रही बाधाओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। ध्रुव सिंह ने जमींदारी बांध पर पक्का रास्ता बनाने की मांग की।

इसके अलावा धानायन नदी के तटबंध को सुदृढ़ करने, शाम छह बजे के बाद पुलिस गश्ती बढ़ाने, नल-जल योजना की कमियों को दूर करने, कब्रिस्तान में गड्ढों की भराई एवं प्रकाश व्यवस्था तथा स्वास्थ्य उपकेंद्रों के निर्माण पर भी चर्चा हुई।

प्रखंड प्रमुख संकेत कुमार ने कबीर अंत्येष्टि योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं चुनौतियों का ब्योरा बैठक में रखा।

दो विभागों के बीच लंबित मामलों पर डीएम ने तय की समय-सीमा

जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को सुनने के बाद जिलाधिकारी उदीता सिंह के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों ने बिंदुवार जवाब दिया और कार्ययोजना स्पष्ट की।

जहां मामले दो विभागों के बीच लंबित थे, वहां जिलाधिकारी ने मध्यस्थता करते हुए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की। साथ ही कार्य पूर्ण करने के लिए निश्चित समय-सीमा निर्धारित की।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को रोस्टर तैयार कर पंचायत सरकार भवनों में बैठने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीणों को छोटी-मोटी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय का अनावश्यक चक्कर नहीं लगाना पड़े।

सभी पंचायतों में महिला मुखिया होने पर जताया गर्व

संबोधन के दौरान जिलाधिकारी ने सरमेरा प्रखंड की सभी पंचायतों में महिलाओं के मुखिया पद पर आसीन होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इसे नारी सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा, “बदलाव सदैव नीचे से शुरू होता है और जब आप बदलेंगे, तभी समाज और देश बदलेगा।”

तीन प्रमुख बिंदुओं पर मांगा जनप्रतिनिधियों का सहयोग

जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों से तीन प्राथमिक विषयों पर सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।

पहला-शत-प्रतिशत राशन कार्ड आच्छादन। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र परिवार राशन कार्ड से वंचित न रहे।

दूसरा-स्वास्थ्य एवं संस्थागत प्रसव। जिलाधिकारी ने लोगों से बिना लाइसेंस संचालित क्लीनिकों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की। उन्होंने सुरक्षित प्रसव एवं टीकाकरण के लिए सरकारी अस्पतालों का लाभ उठाने को कहा। साथ ही 30 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए संचालित व्यापक स्वास्थ्य जांच अभियान का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने की अपील की, ताकि बीपी, शुगर और थायराइड जैसी जांच का लाभ नागरिकों तक पहुंच सके।

तीसरा-पंचायत सरकार भवन की उपयोगिता। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवनों का प्रभावी उपयोग होना चाहिए, ताकि छोटी-मोटी समस्याओं के लिए ग्रामीणों को प्रखंड या जिला मुख्यालय नहीं आना पड़े। अधिकारियों को रोस्टर के अनुसार पंचायत सरकार भवनों में बैठकर मामलों का त्वरित निष्पादन करना चाहिए।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

बैठक में मुख्य रूप से प्रखंड प्रमुख संकेत कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष विजय प्रसाद, बीस सूत्री उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार सिंह ‘प्रेम’, मलावां मुखिया वीणा देवी, हुसैना मुखिया अर्चना कुमारी, इसुआ मुखिया मणि देवी, मीरनगर मुखिया बॉबी कुमारी, धनुकी मुखिया सीमा कुमारी, ससौर मुखिया कुमारी प्रेमलता, केनार मुखिया रूबी कुमारी, चेरों मुखिया रिंकू देवी, पंचायत समिति सदस्य महेंद्र प्रसाद रजक, पंचायत समिति सदस्य शंकर कुमार, स्थानीय प्रतिनिधि ध्रुव सिंह एवं रेखा कुमारी सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights