एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
श्रम संसाधन विभाग के समारोह में श्रम मंत्री ने किया पुरस्कृत, कर्मियों के उत्कृष्ट कार्य को मिली सराहना
पटना/बाढ़, 18 सितंबर 2026: श्रमिक कल्याण दिवस सह भगवान श्री विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर गुरुवार को पटना स्थित दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन अध्ययन संस्थान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में एनटीपीसी बाढ़ सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट के पांच कर्मठ संविदा कर्मियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान एनटीपीसी बाढ़ के संविदा कर्मी संतोष को बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं अन्य संविदा कर्मियों सुमन, यशवंत, सरवेंद्र एवं रवि को बिहार के श्रम आयुक्त राजेश भारती तथा चीफ इंस्पेक्टर ऑफ फैक्ट्रीज (सीआईएफ) संजय कुमार पाल द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान संविदा कर्मियों के निष्ठावान कार्य, कार्यकुशलता और परियोजना में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान की सराहना के रूप में दिया गया।
एनटीपीसी बाढ़ के नैगम संचार कार्यकारी विकासधर द्विवेदी ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि राज्य स्तर पर पांच संविदा कर्मियों को मिले इस सम्मान से पूरी परियोजना के कामगारों और अधिकारियों में उत्साह का माहौल है। इस सम्मान से अन्य कर्मियों को भी समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
