–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
बिहार लोक भवन में ‘टीम सहयोगी’ के बच्चों से मिले राज्यपाल, पढ़ाई जारी रखने की दी प्रेरणा
पटना, 04 अक्टूबर: बिहार लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) से ‘टीम सहयोगी’ संस्था के बच्चों, युवा स्वयंसेवकों और समन्वयकों ने मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने बच्चों से आत्मीय बातचीत कर उनकी पढ़ाई-लिखाई और भविष्य के सपनों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि परिस्थितियां कैसी भी हों, कभी पढ़ाई न छोड़ें। शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है।
राज्यपाल ने वंचित बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने के लिए ‘टीम सहयोगी’ की निस्वार्थ पहल की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय बताया। ‘टीम सहयोगी’ विद्यार्थियों और युवाओं का एक समूह है, जो पटना की तीन-चार झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले जरूरतमंद बच्चों के लिए नियमित शिक्षण सत्र और शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करता है। इनमें कई बच्चे अत्यंत कठिन हालात का सामना कर रहे हैं और कुछ माता-पिता के संरक्षण से भी वंचित हैं। इस अवसर पर लेडी गवर्नर सबीहा हसनैन और राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
