पटना में मदर डेयरी स्टॉकिस्ट मां भद्रकाली ट्रेडर्स पर शिकंजा: कई गंभीर कमियां उजागर

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

बिल पर गायब मिला एफएसएसएआई नंबर, धारा 32 के तहत सुधार नोटिस जारी

पटना, 27 अक्टूबर 2026 : राजधानी पटना के अनीसाबाद स्थित पश्चिम तेज प्रताप नगर में संचालित मदर डेयरी के अधिकृत स्टॉकिस्ट प्रतिष्ठान मां भद्रकाली ट्रेडर्स में खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य सामग्रियों के सुरक्षित वितरण और परिवहन व्यवस्था में कई गंभीर खामियां सामने आईं। प्रतिष्ठान द्वारा जारी किए जा रहे बिक्री बिलों (इनवॉइस) पर अनिवार्य एफएसएसएआई पंजीकरण संख्या तक अंकित नहीं पाई गई।

निरीक्षण दल को प्रतिष्ठान में उपयोग किए जा रहे रेफ्रिजरेटेड वाहनों के जरूरी पंजीकरण विवरण और वहां कार्यरत कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र भी नहीं मिले। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखने के लिए अधिकारियों ने मौके से फ्रोजन ग्रीन पीज (मटर) का विधिक नमूना संग्रहित कर जांच के लिए भेजा है। विभाग ने प्रतिष्ठान संचालक को 7 दिनों के भीतर सभी कर्मियों के मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने, वाहनों का नियमानुसार पंजीकरण कराने और इनवॉइस पर एफएसएसएआई नंबर दर्ज करने की सख्त हिदायत दी है।

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत फर्म को आधिकारिक सुधार नोटिस थमाया गया है। विभाग ने साफ किया है कि तय समय-सीमा के भीतर सभी कमियों को दूर कर अनुपालन रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत करनी होगी, अन्यथा संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Verified by MonsterInsights