पटना में पॉपुलर स्नोमैन कोल्ड स्टोरेज पर खाद्य संरक्षा विभाग का छापा: 160 किलो बटर जब्त

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

कुम्हरार स्थित यूनिट से ₹43 हजार का मक्खन सीज, 14 दिनों में सुधार न होने पर लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी

पटना, 27 अक्टूबर 2026 : राजधानी पटना के कुम्हरार स्थित पॉपुलर स्नोमैन कोल्ड स्टोरेज में खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। स्नो बॉल्स आइसक्रीम और डेयरी उत्पादों से संबंधित इस प्रतिष्ठान में जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। भंडारण में रखे गए बटर (मक्खन) पर अनिवार्य बैच नंबर अंकित नहीं पाया गया, जिसे खाद्य सुरक्षा मानकों का सीधा उल्लंघन मानते हुए अधिकारियों ने तुरंत जब्त कर लिया। जब्त किए गए 160 किलोग्राम बटर का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग ₹43,000 आंका गया है।

गुणवत्ता और शुद्धता की वैज्ञानिक जांच सुनिश्चित करने के लिए खाद्य संरक्षा दल ने मौके से बटर और आइसक्रीम के वैधानिक नमूने संग्रहित कर जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत प्रतिष्ठान को औपचारिक सुधार नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने प्रतिष्ठान को सभी चिन्हित कमियों को दुरुस्त करने के लिए 14 दिनों की मोहलत दी है। स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद 15वें दिन सुधार से संबंधित साक्ष्य और अनुपालन रिपोर्ट संबंधित कार्यालय में प्रस्तुत करनी होगी। तय समय-सीमा में आदेशों का पालन न किए जाने की स्थिति में प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित अथवा नियमानुसार स्थायी रूप से रद्द कर दिया जाएगा।

Verified by MonsterInsights