-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
शिक्षा और समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए यूरोप और मध्य एशिया में बढ़ा भारत का मान
भुवनेश्वर, 25 सितंबर: प्रख्यात शिक्षाविद्, समाज सुधारक तथा कीट, कीस और कीम्स के संस्थापक अच्युत सामंत को शिक्षा, सामाजिक विकास और मानवीय सेवा में आजीवन योगदान के लिए रोमानिया के मिलिशाउत्सी नगर की मानद नागरिकता प्रदान की गई है। इसके साथ ही बर्लाद नगर पालिका ने उन्हें प्रतिष्ठित ‘की टू द सिटी ऑफ बर्लाद’ से नवाजा। दो रोमानियाई नगर पालिकाओं से यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान पाने वाले वे पहले ओड़िया व्यक्ति बन गए हैं। रोमानिया में भारत के राजदूत मनोज कुमार मोहापात्रा के साथ बर्लाद पहुंचे सामंत ने स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार जताया।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सामंत को कई अन्य बड़े सम्मान भी मिले हैं। रोमानिया में आयोजित 34वें सीमैन (CEEMAN) वार्षिक सम्मेलन में उन्हें ‘लीडर ऑफ द ईयर 2026’ चुना गया। वहीं उज्बेकिस्तान में 46वें शतरंज ओलंपियाड के दौरान अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (FIDE) द्वारा उन्हें ‘एजुकेशन फिलैंथ्रोपिक अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान फिडे के कार्यवाहक अध्यक्ष विश्वनाथन आनंद ने प्रदान किया। इस अवसर पर फिडे, कीट और कीस के बीच शिक्षा में शतरंज को बढ़ावा देने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर भी किए गए। इसके अतिरिक्त कोसोवो की राजधानी प्रिस्टिना में आयोजित 45वें विश्व कवि सम्मेलन के दौरान उन्हें ‘मदर टेरेसा अवॉर्ड’ और मानद प्रोफेसर की उपाधि सहित चार अन्य सम्मानों से नवाजा गया।
