-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सेल और बीएसएल प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ सीआरएम 3 सीजीएम कार्यालय पर गरजी बीएकेएस
बोकारो, 26 सितंबर: सेल कॉर्पोरेट स्तर के 45 और बीएसएल स्तर के 60 से अधिक लंबित मुद्दों को लेकर कर्मचारियों का आक्रोश गहराता जा रहा है। विरोध स्वरूप कर्मचारी दोपहर का भोजन त्याग कर अवकाश के समय सड़कों पर उतर आए हैं। दूसरे चरण के चौथे दिन शनिवार को बोकारो अनाधिशासी कर्मचारी संघ (बीएकेएस) के बैनर तले सीआरएम 3 विभाग के कर्मचारियों ने सीजीएम कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया और प्रबंधन की नीतियों की भर्त्सना की।
प्रदर्शन सभा को संबोधित करते हुए संघ के उपमहासचिव माणिक मुंडा ने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत के बल पर सेल अपनी उत्पादन क्षमता 21 से बढ़ाकर 35 मिलियन टन कर रही है, लेकिन 13 हजार करोड़ के एबिटा (EBITDA) को घटाकर 4300 करोड़ कर दिया गया है। उन्होंने मानव संसाधन विभाग की नीतियों को तानाशाही करार देते हुए 2017 के वेज रिवीजन समझौते और बोनस फॉर्मूले में धांधली का आरोप लगाया। विभागीय प्रतिनिधि सोमेश पाण्डेय ने कहा कि रिकॉर्ड उत्पादन में जमीनी स्तर के कर्मियों का अहम योगदान है, फिर भी उन्हें उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। प्रदर्शन में महासचिव हरिओम, अध्यक्ष दिलीप कुमार, उपाध्यक्ष कृष्ण रजवार और कोषाध्यक्ष राहुल साव सहित कई कर्मी शामिल हुए।
