Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
‘सीसीएल के लाल’ और ‘सीसीएल की लाड़ली’ योजना के तीन छात्रों ने हासिल की सफलता
रांची, 09 जून 2026: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत संचालित ‘सीसीएल के लाल’ एवं ‘सीसीएल की लाड़ली’ योजना के विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस्ड 2026 में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर सीसीएल, झारखंड और अपने परिवारों का नाम रोशन किया है।
वर्ष 2024-26 बैच से जुड़े तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। रांची के पिस्का नगड़ी निवासी आयुष कुजूर ने एसटी श्रेणी में 1242वीं रैंक हासिल की है। वहीं चतरा जिले के टंडवा की माही प्रिया प्रसाद ने ओबीसी श्रेणी में 11173वीं रैंक तथा रामगढ़ की मेघा कुमारी ने एसटी श्रेणी में 3673वीं रैंक प्राप्त की है।
इन विद्यार्थियों की सफलता विशेष रूप से प्रेरणादायक मानी जा रही है, क्योंकि वे साधारण एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं। आयुष कुजूर के पिता राजेश उरांव किसान हैं तथा उनकी माता संगीता देवी गृहिणी हैं। माही प्रिया प्रसाद के पिता महादेव प्रसाद स्वरोजगार से जुड़े हैं और उनकी माता रेशम देवी शिक्षिका हैं। वहीं मेघा कुमारी के पिता प्रेम कुमार मुंडा किसान तथा माता झिमा देवी आंगनबाड़ी सेविका हैं।
इन छात्रों की उपलब्धि यह साबित करती है कि उचित मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और निरंतर मेहनत के बल पर आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण परिवेश के छात्र-छात्राएं भी राष्ट्रीय स्तर की कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
सीसीएल द्वारा संचालित ‘सीसीएल के लाल’ एवं ‘सीसीएल की लाड़ली’ योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें इंजीनियरिंग एवं अन्य प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है। योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग के साथ-साथ आवास और भोजन की सुविधा भी प्रदान की जाती है।
शिक्षा के क्षेत्र में सीसीएल की यह पहल लगातार सकारात्मक परिणाम दे रही है। जेईई एडवांस्ड 2026 में विद्यार्थियों की सफलता योजना की प्रभावशीलता और युवा प्रतिभाओं के विकास के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
सीसीएल प्रबंधन ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है तथा भविष्य में भी शिक्षा एवं कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
