पटना में 9860 लीटर विदेशी शराब जब्त, 6 गिरफ्तार

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

18 चक्का टेलर ट्रक और गोडाउन में संयुक्त छापेमारी, मद्यनिषेध ब्यूरो व कुम्हरार पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पटना, 2 सितंबर 2026: पटना में मादक पदार्थों और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (P&SNCB) तथा उत्पाद थाना कुम्हरार की संयुक्त टीम ने भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। टीम ने एक गोडाउन और 18 चक्का टेलर ट्रक से कुल 9860.4 लीटर विदेशी शराब जब्त करते हुए मौके से 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के विशेष अभियान दल को अवैध शराब की बड़ी खेप छिपाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर 2 सितंबर को कुम्हरार उत्पाद थाना पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त छापेमारी की गई।

कार्रवाई के दौरान टीम ने गोडाउन और खड़े 18 चक्का टेलर ट्रक की तलाशी ली, जहां से 9860.4 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने अवैध शराब और वाहन को जब्त कर मौके पर मौजूद 6 धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया। मद्यनिषेध विभाग इस गिरोह के नेटवर्क और सप्लायरों का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटा है।