सीसीएल ने सेवानिवृत्त कर्मियों को दी गरिमामयी विदाईसम्मान समारोह में 129 कर्मियों के समर्पण को किया सलाम

Live ख़बर

Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher

राँची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय में शुक्रवार को एक भव्य “सम्मान समारोह” आयोजित किया गया, जिसमें नवंबर 2025 में सेवानिवृत्त हुए 129 कर्मियों को गरिमापूर्ण विदाई दी गई। सीसीएल मुख्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 6 कर्मियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जबकि विभिन्न क्षेत्रों में भी स्थानीय स्तर पर विदाई समारोहों का आयोजन किया गया।

मुख्यालय में भावनात्मक माहौल, प्रदर्शित हुई विशेष शॉर्ट फिल्म

कार्यक्रम की शुरुआत एक शॉर्ट फिल्म के प्रदर्शन से हुई, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने लंबे कार्यकाल से जुड़े अनुभव, भावनाएँ और यादें साझा कीं। फिल्म ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और कर्मियों की प्रतिबद्धता को एक बार फिर याद दिलाया।

मुख्यालय से सेवानिवृत्त हुए ये 6 कर्मचारी

  • श्री अमल कुमार पाठक, मुख्य प्रबंधक (ई एंड एम), E&M, JSSPS विभाग
  • श्री संजय कुमार सरकार, कार्यालय अधीक्षक, सुरक्षा विभाग
  • श्री उबोध राम, वरीय डी.ई.ओ., सुरक्षा विभाग
  • श्रीमती मीना देवी, लिपिक ग्रेड-II, प्रणाली विभाग
  • मो. आबुल अंसारी, सहायक पर्यवेक्षक, ट्रांसपोर्ट, सामान्य प्रशासन विभाग
  • श्रीमती कारी देवी, सफाई मेट, कल्याण एवं सेवा विभाग

मुख्य अतिथि ने की सराहना

कार्यक्रम में जेएसएसपीएस के सीईओ श्री नवीन कुमार झा मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा – “सीसीएल परिवार के लिए यह गर्व का क्षण है कि हमारे 129 साथियों ने मेहनत, समर्पण और ईमानदारी के साथ कंपनी को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। हम उनके योगदान के प्रति आभारी हैं और उनके नए जीवन अध्याय के लिए अच्छे स्वास्थ्य व खुशियों की कामना करते हैं।”

शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न से किया सम्मानित

समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्तजनों के परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शॉल, पुष्पगुच्छ, स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।