पूर्व विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ‘ज्ञानू’ ने पूर्व मंत्री विजयकृष्ण से मिलकर जाना हालचाल

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

पैतृक आवास पहुंचकर शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की, परिजनों से भी इलाज के संबंध में ली जानकारी

पटना/बाढ़, 13 सितंबर 2026। पूर्व सांसद एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री विजयकृष्ण के पैतृक आवास पर पहुंचकर बाढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ‘ज्ञानू’ ने उनका हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद विजयकृष्ण के काफी दिनों से अस्वस्थ चलने की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ‘ज्ञानू’ शनिवार को उनके पैतृक आवास पहुंचे। उन्होंने विजयकृष्ण से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

ज्ञानेंद्र सिंह ‘ज्ञानू’ ने कहा कि विजयकृष्ण बाढ़ क्षेत्र के जनप्रिय नेता रहे हैं। उन्होंने समाज सेवा और संसदीय राजनीति के क्षेत्र में सराहनीय योगदान दिया है। उन्होंने विजयकृष्ण के परिजनों से भी मुलाकात की तथा उनके इलाज और स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी ली।

छह दशक से राजनीति में सक्रिय रहे विजयकृष्ण

गौरतलब है कि छह दशक से राजनीति में सक्रिय रहे विजयकृष्ण ने समाजवादी युवा सभा से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। वर्ष 1977 में वे जनता पार्टी के बिहार महासचिव बने। इसके बाद जनता दल के टिकट पर बाढ़ विधानसभा सीट से वर्ष 1990 और 1995 में लगातार दो बार विधायक चुने गए।

विजयकृष्ण ने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार में मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बाढ़ संसदीय क्षेत्र से नीतीश कुमार को पराजित कर जीत दर्ज की थी।

हालांकि, वर्ष 2009 के एक आपराधिक मामले में नाम आने के बाद अदालत ने उन्हें सजा सुनाई थी। इसके बाद वर्ष 2022 में हाईकोर्ट से रिहा होकर वे करीब 10 साल बाद जेल से बाहर आए थे।

समर्थकों और स्थानीय लोगों ने किया स्वागत

पूर्व विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ‘ज्ञानू’ के विजयकृष्ण के पैतृक आवास पहुंचने पर पूर्व मंत्री के समर्थकों और स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मुलाकात के दौरान क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

Verified by MonsterInsights