– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
पुलिस ने चोरी का केबल, एसी पाइप और तांबे सहित एल्युमिनियम तार किया बरामद, आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
बोकारो, 14 सितंबर 2026। सेक्टर-4 थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्कस मैदान के सामने लगे टॉवर से केबल चोरी की घटना का पुलिस ने उद्भेदन करने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक गौतम कुमार को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए केबल तार, एसी पाइप, तांबे और एल्युमिनियम के तार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में सर्कस मैदान के सामने लगे टॉवर से केबल चोरी की घटना हुई थी। घटना के आलोक में सेक्टर-4 थाना कांड संख्या-61/2026, दिनांक 5 सितंबर 2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर की कार्रवाई
घटना के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देशानुसार पुलिस उपाधीक्षक, नगर, बोकारो के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा आसूचना संकलन के साथ लगातार छापेमारी की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 की रात गठित टीम ने विश्वकर्मा मंदिर, सेक्टर-4 के पास एक संदिग्ध युवक को एसी का तार काटने की योजना बनाने के क्रम में पकड़ा। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार युवक ने अपने अपराध स्वीकारोक्ति बयान में टॉवर का केबल तार एवं एसी का तार काटकर बेचने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर उक्त कांड में चोरी किया गया केबल तार, एसी का पाइप और तांबे का तार बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
गौतम कुमार (19 वर्ष), पिता-मुन्ना रजक, स्थायी पता-ग्राम चांदो, थाना पेटरवार, जिला बोकारो। वर्तमान पता-गर्ल्स हॉस्टल, सेक्टर-6, थाना सेक्टर-6, जिला बोकारो।
बरामद सामान
- टॉवर से काटे गए 3 केबल तार के टुकड़े, कुल लंबाई करीब 7 मीटर।
- 2.5 मीटर एसी पाइप।
- तांबे के तार के 2 टुकड़े, कुल लंबाई करीब 3.5 मीटर।
- 4.4 मीटर एल्युमिनियम तार।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गौतम कुमार का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध सेक्टर-6 थाना कांड संख्या- 24/2026 – दिनांक 01.06.2026, 115-धारा(2)/74//3333) 5 (बी पोक्सो एक्ट 8 एवं एस.एन.) दर्ज है। प्रेस नोट में इस मामले में धाराओं का उल्लेख अस्पष्ट/त्रुटिपूर्ण रूप में उपलब्ध है।
छापामारी दल
इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक, नगर, बोकारो राजीव रंजन, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी सेक्टर-4 संजय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कुमार विक्रम सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक अवेन्द्र कुमार साव, सहायक अवर निरीक्षक जोन कुजूर, आरक्षी-939 इलयास अंसारी तथा आरक्षी-1451 पवन कुमार महथा शामिल रहे।
