मुजफ्फरपुर में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ का आगाज, 5 पिलर्स पर चलेगा महाअभियान

Live ख़बर

-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जन-आंदोलन बनेगा स्वच्छता अभियान, डीएम ने दिए ठोस कचरा प्रबंधन नियमों के सख्ती से पालन के निर्देश

मुजफ्फरपुर, 19 सितंबर: “स्वच्छता में सहभागी, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” के संकल्प के साथ जिले में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (DRDA) कार्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी कुमार गौरव तथा उप विकास आयुक्त निशांत सिहारा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर इस पखवाड़े का उद्घाटन किया। यह विशेष अभियान 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक पूरे जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा।

अभियान के सफल और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पांच प्रमुख पिलर तय किए गए हैं:

  1. CTU रूपांतरण एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थल: अत्यधिक गंदे और कठिन स्थलों (Cleanliness Target Units) को चिह्नित कर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा और उन्हें उपयोगी सार्वजनिक स्थलों में तब्दील किया जाएगा।
  2. स्वच्छ पाठशाला एवं युवा: स्कूलों के छात्र-छात्राओं और युवाओं को जोड़कर व्यावहारिक परिवर्तन व जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
  3. सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर: स्वच्छता की रीढ़ माने जाने वाले सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा उपकरण और सम्मान के लिए विशेष कल्याणकारी शिविर लगेंगे।
  4. जन भागीदारी फॉर स्वच्छता: आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और युवाओं की सीधी सहभागिता से इसे एक जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा।
  5. कबाड़ से जुगाड़: अनुपयोगी कचरे से कला निर्माण, रचनात्मक उपयोग और प्लास्टिक रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने हेतु मेले व प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

जिलाधिकारी कुमार गौरव ने Solid Waste Management Rules, 2026 (ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम) के अनुपालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्रोत पर ही कचरा पृथक्करण (गीला, सूखा, सैनिटरी और खतरनाक कचरा अलग-अलग रखना) सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल रस्म अदायगी न बने, बल्कि इसे स्थायी स्वच्छता व्यवस्था और जन-व्यवहार में शामिल किया जाए।

Verified by MonsterInsights