एसआईआर-2026 को त्रुटिरहित बनाने में जुटा बोकारो प्रशासन: प्रखंडों में खुलेंगे हेल्प सेंटर, लगेंगे विशेष शिविर

Live ख़बर

–संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

डीईओ-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने की समीक्षा बैठक; बीएलओ करेंगे डोर-टू-डोर संपर्क, एईआरओ करेंगे जमीनी सत्यापन

बोकारो, 28 सितम्बर 2026 : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) को पूरी तरह पारदर्शी, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए बोकारो जिला प्रशासन मुस्तैद हो गया है। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुनरीक्षण कार्य की बिंदुवार प्रगति की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को समयबद्ध और शुद्धता के साथ कार्य निष्पादन के सख्त निर्देश दिए गए।

मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं और दस्तावेजों के सत्यापन में आम नागरिकों की सहूलियत के लिए प्रखंड स्तर पर हेल्प सेंटर स्थापित किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर एक प्रखंड में एक से अधिक हेल्प सेंटर भी खोले जाएंगे। इसके साथ ही, जिन क्षेत्रों में दस्तावेजों या प्रपत्रों से जुड़ी अधिक विसंगतियां अथवा जटिलताएं सामने आ रही हैं, वहां विशेष कैंप आयोजित कर मौके पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

उपायुक्त ने निर्देशित किया कि बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं से सीधा संवाद करें और प्रपत्रों व अभिलेखों की कमियों को चिन्हित कर त्वरित कार्रवाई हेतु उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट सौंपें। वहीं कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) एवं अतिरिक्त एईआरओ प्रतिदिन दोपहर बाद क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और बीएलओ द्वारा किए गए डोर-टू-डोर सर्वेक्षण की रैंडम जांच करेंगे।

इसके अलावा, जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, मीडियाकर्मियों और अन्य हितधारकों के साथ शीघ्र समन्वय बैठक आयोजित की जाए, जिससे एसआईआर-2026 की प्रक्रियागत जानकारी साझा की जा सके। बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, जनसंपर्क उप निदेशक रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, डीईओ कोषांग के पंकज दुबे और हेल्प डेस्क मैनेजर उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights